जमशेदपुर: बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान में फैली गंदगी को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम पर नाराजगी जताई है। उन्होंने नगर निगम को एक सप्ताह के भीतर मैदान की समुचित सफाई कराने का अल्टीमेटम दिया है। सरयू राय ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में सफाई नहीं हुई तो स्थानीय लोग और उनके कार्यकर्ता हाईवा लगाकर मैदान की सफाई कराएंगे। इसके बाद जमा कचरा और मलबा नगर निगम कार्यालय के सामने या किसी अन्य स्थान पर डाला जाएगा। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की बताई।
तीन महीने से नहीं हुई मैदान की सफाई
मुर्दा मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे सरयू राय ने कहा कि पिछले करीब तीन महीने से मैदान की सफाई नहीं हुई है। इसके कारण वहां कूड़े का ढेर जमा हो गया है। आसपास रहने वाले लोगों को गंदगी और दुर्गंध के बीच रहना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने फोन कर उन्हें समस्या की जानकारी दी थी और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने का आग्रह किया था। इसके बाद उन्होंने मैदान का निरीक्षण किया।
सफाई को लेकर दोनों समुदायों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान सरयू राय ने मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ आदिवासी समुदाय के लोगों और आदिवासी नेता सोनाराम मांझी से भी बातचीत की। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बताया कि जब वे सफाई की मांग लेकर नगर निगम जाते थे तो उन्हें कहा जाता था कि आदिवासी समुदाय ने मैदान की सफाई कराने से मना किया है।इस पर सोनाराम मांझी ने स्पष्ट किया कि आदिवासी समुदाय को आशंका थी कि सफाई के बाद मैदान पर अतिक्रमण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समुदाय का उद्देश्य मैदान में कचरा जमा रहने देना या लोगों को गंदगी के कारण परेशानी और बीमारी का सामना करने देना नहीं था।
एक सप्ताह में सफाई नहीं हुई तो खुद चलाएंगे अभियान
सरयू राय ने कहा कि अतिक्रमण की आशंका को लेकर किसी समुदाय की आपत्ति के आधार पर मैदान को गंदा छोड़ना उचित नहीं है। सफाई की समस्या का समाधान निकालना नगर निगम की जिम्मेदारी है।उन्होंने मानगो नगर निगम से एक सप्ताह के भीतर मैदान की सफाई कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर स्थानीय लोग और उनके कार्यकर्ता स्वयं सफाई अभियान चलाएंगे।
