कपाली:सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डैमडूबी में गुरुवार को हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार अपराधियों ने एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
कलेक्शन कर लौट रहे कर्मी को बनाया निशाना
पीड़ित की पहचान नरेंद्र भगत के रूप में हुई है, जो घाटशिला के बेलाजुड़ी के निवासी हैं और एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। नरेंद्र भगत क्षेत्र से कलेक्शन कर लौट रहे थे, तभी तन्नू जनरल स्टोर के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। नरेंद्र द्वारा विरोध किए जाने पर अपराधियों ने एक राउंड फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में भगदड़ मच गई। अपराधी बैग लेकर आसानी से चंपत हो गए।
पुलिसिया तफ्तीश: मौके से खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चांडिल एसडीपीओ अरविंद बिन्हा और इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों के भागने के रूट और उनकी पहचान का सुराग मिल सके।
कानून-व्यवस्था पर उठते सवाल
कपाली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय निवासियों में आक्रोश भर दिया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में फायरिंग करना यह दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्धों की नियमित जांच हो।
एसडीपीओ का आश्वासन: “जल्द होगी गिरफ्तारी”
एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार को अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस के पास कुछ अहम सुराग हैं और जल्द ही इस लूटकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।
