कपाली: नशे के खिलाफ पुलिस की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक; महिला समेत 3 गिरफ्तार, 680 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद

कपाली: नशे के काले कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने 680 पुड़िया ब्राउन शुगर और 18 ग्राम खुला नशीला पदार्थ जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गुप्त सूचना पर एसपी ने बनाई ‘स्पेशल टीम’

एसपी निधि द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि बंधुगोड़ा स्थित ‘बड़ गाछ’ के पास एक किराए के मकान को नशे का सुरक्षित ठिकाना बनाया गया है।सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी की गई।तलाशी के दौरान पुलिस ने 680 पुड़िया ब्राउन शुगर और अलग से रखे गए 18 ग्राम नशीले पदार्थ को बरामद किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

महिला तस्कर सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से तीन सक्रिय सदस्यों को दबोचा है, जिनका कनेक्शन आदित्यपुर के नशा माफियाओं से भी जुड़ा बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी में अजगर (कपाली निवासी),महाराज अली (सिनी निवासी) और शबनम परवीन (आदित्यपुर निवासी) है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये तीनों आरोपी लंबे समय से कपाली, आदित्यपुर और आसपास के इलाकों में छोटे वितरकों और युवाओं को नशीले पदार्थ सप्लाई कर रहे थे।

ड्रग सिंडिकेट की जड़ें खंगाल रही पुलिस

यह कार्रवाई केवल तीन गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं है। एसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई सफेदपोशों और बड़े सप्लायरों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर जिले में कहां से आ रही है।कपाली और आदित्यपुर का इलाका ड्रग्स की सप्लाई के लिए ‘हब’ बनता जा रहा है, जिसे जड़ से खत्म करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।

स्थानीय जनता ने ली राहत की सांस

कपाली के स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि मोहल्ले के युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही थी और कई जगहों पर खुलेआम बिक्री हो रही थी। ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे अभियान लगातार चलते रहने चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को इस दलदल से बचाया जा सके।

More From Author

बारीडीह हाई स्कूल में मातृ दिवस का उल्लास, नन्हे बच्चों ने नृत्य और गीतों से माताओं के प्रति जताया आभार