जमशेदपुर: सीदगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय के पास मुख्य सड़क पर स्कूली बच्चों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ऑटो सवार दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल ऑटो से बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद सीदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस चालक से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर ऑटो किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटी।
चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया। लोगों का दावा है कि चालक ने गांजा का सेवन किया था।घटनास्थल से गांजा पीने में इस्तेमाल होने वाली दो चिलम मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, चालक के वास्तव में नशे में होने की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चे तो नहीं थे, पुलिस कर रही जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को तो नहीं बैठाया गया था। हादसे के बाद स्कूली बच्चों की सुरक्षा और उनके परिवहन की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। चालक से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
