जमशेदपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, गोपाल मैदान में हुआ फुल ड्रेस परेड का पूर्वाभ्यास

जमशेदपुर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में किया जाएगा। समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के साथ परेड का निरीक्षण किया।मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, नगर आयुक्त जेएनएसी योगेन्द्र प्रसाद समेत जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इन टुकड़ियों ने लिया परेड में हिस्सा

फुल ड्रेस अंतिम पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस बल की पुरुष एवं महिला टुकड़ी के साथ होमगार्ड प्लाटून, चौकीदार महिला एवं पुरुष दल, एनसीसी, रेंजर (गर्ल्स), स्काउट एंड गाइड की दो प्लाटून ने हिस्सा लिया।इसके अलावा केजीबीवी, पटमदा की बैंड पार्टी ने भी पूर्वाभ्यास में भाग लिया।

डीसी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने समारोह से जुड़ी सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने और आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर होगी सांस्कृतिक संध्या

उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित होगा।सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं राष्ट्रभक्ति गीत और संगीत की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

गोपाल मैदान में होगा मुख्य समारोह

स्वतंत्रता दिवस के दिन गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण के साथ परेड और अन्य कार्यक्रम होंगे। अंतिम पूर्वाभ्यास के सफल आयोजन के साथ ही जिला प्रशासन ने मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

More From Author

जमशेदपुर प्रधान डाकघर में सिर्फ ₹25 में तिरंगा, बिक्री के लिए मंगाए 15 हजार झंडे