पश्चिमी सिंहभूम में आयुष विभाग ने लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 377 मरीजों की जांच कर बांटी गई दवाएं

चाईबासा स्थित पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न सुदूर और ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष विभाग द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से 377 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार नि:शुल्क होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक दवाओं का वितरण किया गया।इस पहल से जिले के दूर-दराज और पिछड़े इलाकों में रहने वाले लोगों को उनके घर के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला।

कई गंभीर बीमारियों की हुई जांच

स्वास्थ्य शिविरों के दौरान आधुनिक और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का समन्वय देखने को मिला। चिकित्सकों ने मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की, जिनमें प्रमुख रूप से रक्तचाप (ब्लड प्रेशर),मधुमेह (डायबिटीज),हीमोग्लोबिन जांच,मलेरिया जांच सिकल सेल एनीमिया की जांच शामिल हैं। इसके अलावा शरीर दर्द, पेट संबंधी बीमारियां, महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याएं, बच्चों के रोग, बुजुर्गों की बीमारियां तथा त्वचा संबंधी रोगों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार और परामर्श दिया गया।

आयुष चिकित्सकों की टीम ने निभाई अहम भूमिका

स्वास्थ्य शिविरों को सफल बनाने में आयुष विभाग के चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर में सेवा देने वाले प्रमुख चिकित्सकों में डॉ. प्रदीप,डॉ. राधिका,डॉ. सूर्या भूषण,डॉ. धर्मराज,डॉ. सुष्मिता,डॉ. आशिक,डॉ. टिम्मा रानी,डॉ. मैनुद्दीन,डॉ. अनीश,डॉ. यशवंती और डॉ. कविता शामिल रहे। सभी चिकित्सकों ने मरीजों की जांच के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और काउंसलिंग भी की।

इन गांवों में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर

आयुष विभाग द्वारा जिले के कई प्रखंडों के गांवों में शिविर आयोजित किए गए, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं मंझारी प्रखंड – दोकाट्टा,गोइलकेरा – कुईड़ा एवं गोइलकेरा बाजार,मनोहरपुर – मौलडीहा,खूंटपानी – गोटाई एवं केंदुसाई,सदर प्रखंड – दलियामार्चा,नोआमुंडी – खास जामदा,चक्रधरपुर – लक्ष्मीपोसी,तांतनगर – कोकचो,हटगम्हरिया – कालीमाटी और गुदड़ी – डुरा गांव। इन सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों और बच्चों ने स्वास्थ्य जांच कराकर नि:शुल्क दवाओं का लाभ उठाया।

ग्रामीणों को मिला घर के पास स्वास्थ्य सेवा का लाभ

आयुष विभाग की इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बिना लंबी दूरी तय किए स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श और नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

More From Author

जमशेदपुर में 16 जुलाई को निकलेगी भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा, 1000 स्वयंसेवक संभालेंगे व्यवस्था

टाटानगर में रेलवे का कर्मचारी दर्शन शिविर, रेल कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान