जमशेदपुर में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल ने शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर संगठन का स्पष्ट रुख रखा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य, राम मंदिर ट्रस्ट में पारदर्शिता और महिलाओं की सुरक्षा जैसे विषयों पर संगठन किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को होने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति की पहली बैठक में देश के 32 राज्यों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन वर्तमान में 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों, 55 संभागों और 750 से अधिक जिलों में सामाजिक एवं राष्ट्रसेवा के कार्यों में सक्रिय है।
पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों का किया समर्थन
बसंत कुमार मित्तल ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और कथित धांधली के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों का समर्थन किया। उन्होंने केंद्र सरकार से आंदोलनकारियों से वार्ता करने और देशभर में पारदर्शी एवं लीक-प्रूफ परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
राम मंदिर ट्रस्ट मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित भूमि विवादों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पदाधिकारी पर वित्तीय अनियमितता के आरोप हैं तो उनकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पारदर्शिता आवश्यक है।
महिलाओं की सुरक्षा और चर्चित हत्याकांडों पर जताई चिंता
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जयपुर के वंशिका हत्याकांड, कोलकाता की चर्चित घटना, पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड और मुजफ्फरनगर के पिता-पुत्र हत्याकांड का उल्लेख करते हुए दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रतिदिन सुनवाई कर कठोरतम सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सरकारों को गंभीरता से काम करना चाहिए।
वैश्य समाज को राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व देने की बात
बसंत कुमार मित्तल ने कहा कि अग्रवाल एवं वैश्य समाज को राजनीति में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। संगठन आने वाले समय में समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाएगा।
‘मिशन 2031’ के तहत कई नई योजनाओं की घोषणा
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने ‘मिशन 2031’ की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। इसके तहत संगठन ने कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की, जिनमें शामिल हैं बी2बी बिजनेस नेटवर्क,स्टार्टअप फंड,₹10 से ₹15 लाख तक ब्याज-मुक्त शिक्षा ऋण,दिल्ली में यूपीएससी अभ्यर्थियों के लिए छात्रावास,डिजिटल लाइब्रेरी,ग्लोबल एनआरआई सेल,एआई आधारित मैट्रिमोनियल पोर्टल,संगठन का पूर्ण डिजिटलीकरण।
कई राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संदीप मुरारका, प्रदेश महामंत्री अभिषेक अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष कमल किशोर अग्रवाल समेत संगठन के कई राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
