डबल डाउन क्लब में युवतियों से छेड़खानी का विरोध करने पर खूनी झड़प, युवक को चाकू मारा

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) क्लब में शनिवार देर रात युवतियों से कथित छेड़खानी का विरोध करने पर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक के पेट में चाकू मार दिया गया, जबकि दूसरा युवक भी मारपीट में घायल हो गया।दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया।

घायलों की पहचान आदित्यपुर के युवकों के रूप में

घायल युवकों की पहचान आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह के रूप में हुई है। घटना शनिवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

डांस फ्लोर पर शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवकों और युवतियों का एक समूह क्लब में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान डांस फ्लोर पर मौजूद दूसरे गुट के कुछ युवकों ने कथित रूप से युवतियों पर अभद्र टिप्पणी की और छेड़खानी करने का प्रयास किया।इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।

क्लब के बाहर चाकूबाजी, एक युवक गंभीर घायल

स्थिति बिगड़ने पर क्लब के बाउंसरों ने दोनों पक्षों को बाहर निकाल दिया। हालांकि, क्लब के बाहर भी विवाद जारी रहा और दोनों गुटों के बीच फिर से मारपीट शुरू हो गई।इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर दूसरे पक्ष के युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट आई। दूसरे युवक को भी मारपीट में चोटें आई हैं।

एक युवक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए टीएमएच भेजा। पुलिस ने मारपीट में शामिल एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के वास्तविक कारणों तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

More From Author

पूर्व सांसद सुमन महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण सम्मान पर रूपी सोरेन को दी बधाई, सीएम आवास में किया सम्मानित

एड्स जागरूकता के लिए बोकारो में साइकिल मैराथन, 250 युवाओं ने लिया हिस्सा