एड्स जागरूकता के लिए बोकारो में साइकिल मैराथन, 250 युवाओं ने लिया हिस्सा

एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से झारखंड युवा आयोग की ओर से रविवार को बोकारो में साइकिल मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में करीब 250 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर किया।

25 और 2 किलोमीटर की साइकिल रेस आयोजित

मैराथन के तहत प्रतिभागियों के लिए 25 किलोमीटर और 2 किलोमीटर की साइकिल रेस आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना था।

धनबाद के रोहित कुमार रवानी बने विजेता

25 किलोमीटर साइकिल रेस में धनबाद जिले के राजगंज निवासी रोहित कुमार रवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।रोहित ने बताया कि वह प्रतिदिन करीब दो घंटे साइकिल चलाकर 45 किलोमीटर की प्रैक्टिस करते हैं। उन्होंने कहा कि वह एक पुरानी साइकिल से अभ्यास करते हैं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी भाग ले चुके हैं। हालांकि महंगी साइकिल नहीं होने के कारण उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग करते हुए कहा कि उचित सहयोग मिलने पर वह राज्य और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना चाहते हैं।

रांची में होगा अभियान का समापन

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने झारखंड युवा आयोग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अभियान की शुरुआत बोकारो से हुई है और इसका समापन रांची में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है, ईंधन की बचत होती है और महंगाई से भी राहत मिलती है।

कुमार गौरव बोले- साइकिल अपनाएं, स्वस्थ और हरित झारखंड बनाएं

झारखंड युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना और हरित झारखंड की परिकल्पना को आगे बढ़ाना है।उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, विशेषकर डायबिटीज, से बचाव के लिए लोगों को अपने दैनिक जीवन में साइकिल को शामिल करना चाहिए। इससे स्वास्थ्य बेहतर रहेगा, पर्यावरण सुरक्षित होगा और ईंधन पर होने वाला खर्च भी कम होगा।

More From Author

डबल डाउन क्लब में युवतियों से छेड़खानी का विरोध करने पर खूनी झड़प, युवक को चाकू मारा

अपहरण समझकर ग्रामीणों ने किया इनोवा का पीछा, जांच में निकली तेलंगाना नारकोटिक्स टीम की कार्रवाई