सरायकेला के कपाली जंगल में पेड़ से लटका मिला अज्ञात महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट इलाके के घने जंगल से मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, आसपास के कुछ बच्चे जंगल के पास क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद जंगल के अंदर चली गई। गेंद तलाशने पहुंचे बच्चों की नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर बच्चे घबरा गए और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद कपाली ओपी पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, मृतका ने लाल रंग की नाइटी पहन रखी थी। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। उसकी पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला जंगल तक कैसे पहुंची, वह किस क्षेत्र की रहने वाली थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है, ताकि मृतका की पहचान हो सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। उपलब्ध परिस्थितियों को देखते हुए आत्महत्या, हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाने या अन्य किसी कारण की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

More From Author

जमशेदपुर: साइबर ठगी जांच में सीबीआई गलत पते पर पहुंची, दस्तावेज देखने के बाद वापिस लौटी टीम

जमशेदपुर: 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा; दोपहर 2 से रात 11 बजे तक कई मार्ग बंद, देखें पूरा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान