बोकारो। बोकारो के सेक्टर-6D स्थित शिव मंदिर के समीप आवास संख्या 2358 से 2366 तक के ब्लॉक में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ब्लॉक की ऊपरी मंजिल की सीढ़ी की रेलिंग अचानक टूटकर नीचे गिर गई। वहीं सीढ़ियों का फर्श भी पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे आवागमन बेहद खतरनाक हो गया है।
दो परिवार छोटे बच्चों के साथ ऊपरी मंजिल पर फंसे
घटना के बाद ऊपरी मंजिल पर रहने वाले दो परिवार अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ फंस गए हैं। जर्जर सीढ़ियों के कारण परिवार के सदस्य नीचे उतरने का जोखिम नहीं उठा पा रहे हैं और भय के माहौल में मदद का इंतजार कर रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
आवास में रहने वाले दीपक कुमार सिंह ने बताया कि लगभग पांच वर्ष पहले भी इसी तरह की स्थिति उत्पन्न हुई थी। उस समय बीएसएल प्रबंधन ने सीढ़ियों की मरम्मत कराई थी, लेकिन अब फिर से रेलिंग और सीढ़ियां जर्जर हो गई हैं।उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अपने कमरे में थे। अचानक तेज आवाज सुनाई देने पर बाहर आए तो देखा कि पूरी रेलिंग टूटकर नीचे गिर चुकी थी।
‘डर के कारण नीचे नहीं उतर पा रहे’
ऊपरी मंजिल पर रहने वाली आशा शर्मा ने बताया कि दो परिवार अभी भी ऊपर फंसे हुए हैं। उनके साथ छोटे-छोटे बच्चे भी हैं और सीढ़ी की खराब स्थिति के कारण नीचे उतरना बेहद जोखिम भरा है।उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के काफी देर बाद तक बीएसएल का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
जर्जर क्वार्टरों के सर्वे की मांग
स्थानीय लोगों ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए बीएसएल प्रबंधन से क्षतिग्रस्त सीढ़ियों और आवास की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचने के लिए सभी जर्जर क्वार्टरों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है।
