जमशेदपुर में बेखौफ चेन स्नैचर! एक ही दिन दो महिलाओं से सोने की चेन लूटी, एसपी ऑफिस के पास भी वारदात

जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो घटनाओं से महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि एक वारदात जिला समाहरणालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।

जुबली पार्क के पास महिला से छीनी सोने की चेन

पहली घटना में अपने नाती के साथ जुबली पार्क घूमने आईं चंदन दास रौनक फास्ट फूड के पास रुकी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।यह वारदात शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्रों में से एक में हुई, जहां जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक का कार्यालय भी बेहद करीब स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों का बेखौफ होकर घटना को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

सोनारी में बुजुर्ग महिला बनीं निशाना, हादसे के बाद बाइक छोड़कर भागे बदमाश

दूसरी घटना सोनारी थाना क्षेत्र के एच-रोड में हुई। बुजुर्ग महिला अर्चना श्रीवास्तव पैदल अपने घर लौट रही थीं। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली।वारदात के बाद भागने के दौरान बदमाशों की बाइक एक बड़े वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों में नाराजगी

एक ही दिन हुई दो चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी अब भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इससे महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।शहरवासियों का कहना है कि यदि वीआईपी क्षेत्र और प्रमुख बाजार भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम इलाकों की सुरक्षा का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

More From Author

पोटका के हरिणा मुक्तेश्वर धाम में श्रावण सोमवारी की तैयारियों का जायजा, विधायक संजीव सरदार ने किया निरीक्षण

जेपीएससी -जेएसएससी भर्ती परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में भाजपा का मशाल जुलूस, युवाओं के अधिकारों को लेकर सरकार पर साधा निशाना