बुंडू: रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र में 19 जून को मिले सिर कटा और अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने 17 दिनों की जांच के बाद सुलझा ली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतक संजय लोहरा की पत्नी के कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर तमाड़ थाना क्षेत्र के आगरा और सुंदरडीह जंगल से मृतक का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। आरोप है कि मृतक की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर संजय लोहरा की हत्या की। हत्या के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव का सिर धड़ से अलग कर दिया गया तथा शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।
19 जून को मिला था सिर कटा अधजला शव
गौरतलब है कि 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के सुमानडीह जंगल से पुलिस ने एक सिर कटा अधजला शव बरामद किया था। शव की पहचान करना चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि उसका सिर गायब था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कई पहलुओं पर जांच शुरू की थी।
तकनीकी और फॉरेंसिक जांच से खुला राज
लगातार 17 दिनों तक चली जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर मामले का खुलासा किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए कटा हुआ सिर छिपाने की जगह बताई, जिसके बाद पुलिस ने जंगल से सिर बरामद कर लिया।बरामदगी के दौरान एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम, बुंडू डीएसपी, बुंडू थाना प्रभारी, तमाड़ थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है। हत्या में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस जल्द ही मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है।
