सरायकेला में भीषण सड़क हादसा: एनएच-220 पर हाइवा और ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, दो चालकों की जिंदा जलकर मौत

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-220 (एनएच-220) पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो चालकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य चालक घायल हो गए। राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर रोला-खैरबनी मोड़ के पास हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे दोनों चालक आग की चपेट में आ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, दूसरे वाहन के चालक को स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पीछे आ रहे दो ट्रेलर भी हादसे का शिकार

मुख्य दुर्घटना के कुछ देर बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर चालकों ने अपने वाहन रोकने की कोशिश की। अचानक ब्रेक लगाने के कारण दोनों ट्रेलर आपस में टकरा गए और सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस हादसे में दोनों चालक घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में करीब दो घंटे का समय लग गया। मंगलवार सुबह तक जले हुए वाहनों से धुआं निकलता रहा। दोनों भारी वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

फोरलेन निर्माण की उठी मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-220 पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जबकि सड़क अब भी संकरी है। उनका आरोप है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से एनएच-220 का शीघ्र फोरलेन निर्माण, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह राष्ट्रीय राजमार्ग आगे भी जानलेवा साबित होता रहेगा।

More From Author

चांडिल: चैनपुर पुल से कैनाल में गिरा कोयला लदा हाईवा, चालक घायल; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बुंडू हत्याकांड का खुलासा: 17 दिन बाद मिला सिर कटा शव का सिर, पत्नी का प्रेमी गिरफ्तार