चाईबासा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता बिनोद कुमार पांडेय ने केंद्र सरकार और विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए कमर कसने का आह्वान किया है। मंगलवार को चाईबासा के पिल्लाई हॉल में आयोजित जिला स्तरीय बूथ कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर सह कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ समिति और बीएलए-2 कार्यकर्ता हैं।
वोटर लिस्ट में नाम काटने का आरोप
बिनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि एक खास षड्यंत्र के तहत झारखंड के लाखों पात्र मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से काटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। एसआईआर (SIR) के माध्यम से मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित करने का प्रयास हो रहा है, जिसे झामुमो सफल नहीं होने देगा।”
कार्यकर्ताओं को ‘सक्रिय और संगठित’ होने का निर्देश
कार्यशाला के दौरान श्री पांडेय ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए। बीएलए-2 कार्यकर्ता हर घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी झारखंडी मतदाता का नाम सूची से न छूटे।चुनाव आयोग के अधिकारियों और मतदाता सत्यापन की प्रक्रियाओं पर पैनी नजर रखें।यदि किसी पात्र नागरिक का नाम हटाया जाता है, तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें और नाम जुड़वाने में सहायता करें।
संगठन की रीढ़ हैं बूथ कार्यकर्ता
उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रखंड और जिला स्तर के पदाधिकारी अपनी भूमिका निभाते हैं, लेकिन असली मुकाबला बूथ पर होता है। यदि बूथ मजबूत है, तो संगठन अजय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और लोक-कल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाने की अपील की।
दिग्गज नेताओं की रही उपस्थिति
इस प्रशिक्षण शिविर में झामुमो के कई बड़े चेहरे शामिल हुए, जिन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया जिसमे मुख्य रूप से दीपक बिरुआ: झारखंड सरकार के मंत्री सह चाईबासा विधायक, जोबा माझी: सांसद,विधायक: निरल पुरती, जगत माझी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, सन्नी उरांव, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, राहुल आदित्य, अभिषेक सिंकू, मिथुन गागराई आदि समिल्लित हुए। सदर चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, चक्रधरपुर, मनोहरपुर और खरसावां विधानसभा क्षेत्रों से भारी संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकता बनाए रखने और जनता के अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
सफलतापूर्वक संपन्न हुई कार्यशाला
कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव राहुल आदित्य ने किया। अंत में जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यशाला का समापन किया।
