चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हान जंगल में बुधवार तड़के से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। कोबरा 209 बटालियन के जवानों का सामना कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते से हुआ है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी मजबूत कर दी है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ हमला
मुठभेड़ की शुरुआत बुधवार सुबह नक्सल प्रभावित रूटुगुटू इलाके के घने जंगल करीब साढ़े चार बजे हुई। कोबरा 209 बटालियन के जवान पिछले दो दिनों से गोइलकेरा के बोरोई और तूनबेड़ा क्षेत्र में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे थे। जैसे ही जवान जंगल के अंदर बढ़े, घात लगाए नक्सलियों ने उन पर फायरिंग झोंक दी।सुरक्षाबलों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग शुरू की। दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है।
एसपी ने की पुष्टि: अभियान जारी है
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि खुफिया इनपुट के आधार पर यह ऑपरेशन चलाया जा रहा है।”सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। खुफिया सूचना थी कि सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में माओवादी अपनी पैठ दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है।”
सारंडा से भागकर कोल्हान पहुंचा मिसिर बेसरा
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सारंडा के बलिबा जंगल में भी मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ मुठभेड़ हुई थी। उस समय दो दिनों तक चली मुठभेड़ में 6 जवान घायल हुए थे। मिसिर बेसरा घेराबंदी के बावजूद घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा था। खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि मिसिर अब कोल्हान के जंगलों में शरण लिए हुए है, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इस दुर्गम इलाके में दबिश दी।
