जमशेदपुर: नाला अतिक्रमण का विरोध करने पर बीजेपी महिला नेत्री पर धमकी और दबंगई के आरोप, बस्ती में दहशत

जमशेदपुर: शहर के साकची स्थित गुरुद्वारा बस्ती में नाले के अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय निवासियों ने भाजपा महिला नेत्री लक्की कौर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।पीड़ित परविंदर कौर और संध्या गिरी का आरोप है कि नाले पर अतिक्रमण का विरोध करने पर उन्हें जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

नाले पर अतिक्रमण को लेकर विवाद

स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरुद्वारा बस्ती से गुजरने वाले नाले की सफाई हर साल जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी और जुस्को द्वारा की जाती है। इसी कारण नाले के आसपास खाली जगह छोड़ी जाती है, ताकि बारिश के समय जलनिकासी सुचारू रहे।बस्तीवासियों के अनुसार, यदि अतिक्रमण जारी रहा तो बरसात में करीब 400 घरों में जलभराव का खतरा बढ़ जाएगा।

धमकी और हमले के आरोप

पीड़ितों का आरोप है कि विरोध करने पर लक्की कौर ने कई बार उनके घर पर हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। यहां तक कि परविंदर कौर के पति पर छेड़खानी का झूठा मामला दर्ज कराने की भी बात सामने आई, जो बाद में गलत साबित हुआ।स्थानीय लोगों का दावा है कि महिला नेत्री अपने समर्थकों के साथ दबंगई दिखाती हैं और इसका वीडियो भी सामने आया है।

प्रशासन पर भी उठे सवाल

पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने थाना से लेकर वरीय अधिकारियों तक लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे बस्ती में भय का माहौल बना हुआ है।

आगे की कार्रवाई

पीड़िता परविंदर कौर ने कहा कि वे जल्द ही भाजपा जिला अध्यक्ष और विधायक पूर्णिमा साहू से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगी।फिलहाल, यह मामला स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक स्तर पर तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

More From Author

चाईबासा: कोल्हान के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, मिसिर बेसरा के दस्ते को घेरने की कोशिश

चाईबासा : हाथियों ने स्कूल का दरवाजा तोड़ चट कर गए राशन, बच्चों को नहीं मिला भोजन