चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपोखरी गांव के मुंडा टोला में मंगलवार सुबह खेत की जुताई के दौरान करीब 30 किलोग्राम वजनी संदिग्ध विस्फोटक मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
मक्के की खेती की तैयारी के दौरान हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार किसान विजय हेंब्रम अपने खेत में मक्के की खेती की तैयारी करवा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर से जुताई करते समय हल किसी भारी धातुनुमा वस्तु से टकरा गया। ट्रैक्टर चालक शिवचरण महतो और किसान ने पहले इसे सामान्य लोहे का टुकड़ा समझकर खेत के किनारे रख दिया।
ग्रामीणों ने जताई पुराने बम या मोर्टार होने की आशंका
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने वस्तु को ध्यान से देखा तो उसके आकार और वजन को देखकर आशंका जताई कि यह कोई पुराना बम, मोर्टार या तोप का गोला हो सकता है। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस और विशेषज्ञ करेंगे जांच
घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। प्रारंभिक जांच में वस्तु किसी मोर्टार या तोप के गोले जैसी दिखाई दे रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस और संबंधित विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद वस्तु वास्तव में विस्फोटक है या नहीं।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को संदिग्ध वस्तु से दूर रहने और उसके आसपास भीड़ नहीं लगाने की सलाह दी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई है।
