जमशेदपुर: 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी 2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने शहर की नो-एंट्री व्यवस्था में बदलाव किया है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने आधिकारिक सर्कुलर जारी कर यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन की जानकारी दी है।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी पूर्ण पाबंदी
जारी आदेश के अनुसार 21 जून को दोपहर 11:00 बजे से रात 9:00 बजे तक सिटी बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों के शहर में प्रवेश और परिचालन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को जाम और यातायात संबंधी परेशानियों से बचाने के उद्देश्य से लागू की गई है।
परीक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णय
जिला प्रशासन ने बताया कि नीट यूजी 2026 में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और परीक्षा के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
वाहन चालकों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने भारी वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से जारी निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में सुविधा मिल सके।
