जमशेदपुर: अखिल भारतीय साप्ताहिक मांग दिवस के अवसर पर शनिवार को साकची गोलचक्कर में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन की ओर से विरोध सभा का आयोजन किया गया। प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने एनटीए को भंग करने, सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को बचाने तथा सभी छात्र-युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई।सभा को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश सचिव सोहन महतो ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इन घटनाओं को गंभीर बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
सरकारी शिक्षण संस्थानों को कमजोर करने का आरोप
सोहन महतो ने कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों को बंद कर रही है और सरकारी कॉलेजों के विभिन्न विभागों को भी समाप्त किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इससे सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना कठिन होता जा रहा है।
युवाओं को रोजगार देने की मांग
विरोध सभा के दौरान संगठन ने कहा कि हर वर्ष करोड़ों छात्र-युवा बेरोजगार हो रहे हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारें पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही हैं। संगठन का कहना है कि इसी कारण छात्र-युवाओं को अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
देशभर में सप्ताहभर चल रहा है मांग अभियान
एआइडीएसओ के अनुसार, संगठन की ओर से पूरे देश में एक सप्ताह तक विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर तीन प्रमुख मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन और जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो आने वाले दिनों में राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक छात्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
