Views: 5
जमशेदपुर: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सराफा व्यापारी से हुई लूट के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने बुधवार को जुगसलाई में छापेमारी की। स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई कार्रवाई में लूटे गए चांदी के जेवरात में से करीब एक किलोग्राम चांदी बरामद की गई। पुलिस ने लूट के जेवर खरीदने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।छत्तीसगढ़ पुलिस लूटकांड में गिरफ्तार एक आरोपी को लेकर जुगसलाई पहुंची थी। पुलिस दोनों आरोपियों को तीन दिनों की रिमांड पर लेकर छत्तीसगढ़ ले जाने की तैयारी कर रही है।
सराफा व्यापारी से मारपीट कर लूटे थे चांदी के जेवर
मामला छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले का है। जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेदप्रकाश सोनी तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के मछरीरेवार मंदिर घाटी से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने डंडे से मारपीट करने के बाद उनके पास मौजूद चांदी के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, 1500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर बाइक बरामद की गई थी।
लूट के जेवरों की खरीद-बिक्री का मिला सुराग
आगे की जांच में पुलिस को लूटे गए जेवरात की खरीद-बिक्री का सुराग मिला। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ पुलिस जुगसलाई पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब एक किलोग्राम चांदी बरामद हुई और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।पुलिस अब बरामद जेवरात के स्रोत और लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर छत्तीसगढ़ ले जाने की तैयारी की जा रही है।
