पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

जमशेदपुर:भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।इस अभियान का नेतृत्व जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया।

महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला

कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन केंद्र सरकार आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है।उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से परिवहन खर्च बढ़ गया है, जिसका असर खाद्य सामग्री, सब्जी, दवाइयों, रसोई गैस और दैनिक जरूरत की वस्तुओं पर पड़ रहा है।

“जनता आर्थिक संकट से जूझ रही”

परविंदर सिंह ने कहा कि किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार केवल उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है।उन्होंने कहा कि चुनाव के समय महंगाई कम करने का वादा करने वाली सरकार आज जनता के साथ विश्वासघात कर रही है।

कच्चे तेल की कीमतों का भी उठाया मुद्दा

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं किए जा रहे हैं।उनका आरोप है कि केंद्र सरकार टैक्स के नाम पर जनता से खुली लूट कर रही है।

कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान में जनता का आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है और आने वाले समय में कांग्रेस इस मुद्दे पर और बड़ा आंदोलन करेगी।

सरकार से कीमतें कम करने की मांग

जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने, महंगाई पर नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने की मांग की है।कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया।

More From Author

पोटका के सुदूरवर्ती गांव पहुंचे विधायक संजीव सरदार, विकास कार्यों का लिया जायजा

जमशेदपुर में जदयू की कोल्हान प्रमंडलीय बैठक, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर मंथन