जमशेदपुर: जदयू की पूर्वी सिंहभूम इकाई द्वारा जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर सभागार में कोल्हान प्रमंडलीय बैठक आयोजित की गई।बैठक में संगठन विस्तार, जनसरोकारों और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा की गई। कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
संगठन को वार्ड स्तर तक मजबूत करने पर जोर
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने की, जबकि मंच संचालन महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया। स्वागत भाषण प्रकाश कोयन ने दिया। प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद खीरु महतो ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र में पार्टी तेजी से मजबूत हो रही है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से वार्ड स्तर तक संगठन विस्तार करने, भावी उम्मीदवार तैयार करने और जनता के बीच पार्टी की मजबूत पहचान बनाने का आह्वान किया।
जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का ऐलान
सरयू राय ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए इस तरह की बैठकें बेहद अहम हैं।उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।सरयू राय ने कहा कि जरूरत पड़ने पर पार्टी जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर जताई चिंता
बैठक के दौरान सरयू राय ने जमशेदपुर में बढ़ती चोरी, छिनतई, अवैध शराब और अन्य आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर इन समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।इसके अलावा बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को अब तक चाबी नहीं मिलने के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया।
बिहार मॉडल पर विकास की बात
झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने कहा कि बिहार में नितीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों ने राज्य को नई दिशा दी है।उन्होंने झारखंड में भी बिहार मॉडल पर विकास करने और चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
कई नेताओं ने किया संबोधित
बैठक को श्रवण कुमार, सुशील सिंह, संजय ठाकुर, सागर कुमार, शैलेन्द्र महतो, अंजलि सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, वीरेंद्र पासवान और महानगर अध्यक्ष अजय कुमार समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल के सभी जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, थाना अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
