जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भाजपा की नीतियों के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाते हुए चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की।
काले कपड़े पहनकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहने, सिर पर काली पगड़ी बांधी और बांह पर काली पट्टी लगाकर विरोध जताया। उनके हाथों में ‘वोट हमारा, अधिकार हमारा, जबरदस्ती बंद करो’ और ‘वोट की लूट नहीं होने देंगे, लोकतंत्र की रक्षा करते रहेंगे’ जैसे नारों वाली तख्तियां थीं। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान पर हमले का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद लोकतंत्र और संविधान पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने ईवीएम से छेड़छाड़ और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के जरिए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की आशंका जताई।उन्होंने केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और देश के संसाधनों को पूंजीपति मित्रों के हाथों में सौंपने का भी आरोप लगाया। परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पहले अंग्रेजों के खिलाफ लड़ी थी और अब देश में कथित भ्रष्टाचार तथा तानाशाही के खिलाफ संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इन मुद्दों को सड़क से संसद तक उठा रही है।
चुनाव अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने संबंधित चुनाव अधिकारी गणेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में गड़बड़ी के जरिए भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों को जेल भेजने की भी मांग की।इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा गांधी के आदर्शों के अनुरूप लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने की अपील की।
मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी और पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पार्टी की मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
