जमशेदपुर : सहायक आयुक्त उत्पाद (पूर्वी सिंहभूम) के निर्देश पर मंगलवार को जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पोटका और बागबेड़ा में की गई कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पोटका: किराना दुकान की आड़ में शराब का खेल
पोटका थाना अंतर्गत लोवाडीह गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। अभियुक्त गणेश पात्रो के घर और उसकी किराना दुकान को निशाना बनाया गया।तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 10.260 लीटर अवैध विदेशी शराब मिली। पुलिस के अनुसार, गांव के संकरे रास्तों और मार्ग अवरुद्ध होने का फायदा उठाकर आरोपी गणेश पात्रो मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
बागबेड़ा: गाढ़ाबासा में शराब के साथ धरे गए राज कुमार
वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई बागबेड़ा थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाके गाढ़ाबासा रोड पर की गई। यहाँ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त राज कुमार सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। राज कुमार के घर से 15.960 लीटर अवैध विदेशी शराब और 10 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई है।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। दोनों ही मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त राज कुमार सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपियों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब का कारोबार हो रहा है, तो उसकी सूचना तुरंत उत्पाद विभाग या स्थानीय पुलिस को दें।
