जमशेदपुर में साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश: मानगो से 4 आरोपी गिरफ्तार, 30 लाख से अधिक की ठगी का खुलासा

जमशेदपुर : उड़ीसा के एक व्यक्ति से साइबर ठगी के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-4 से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी पिछले दो वर्षों से जमशेदपुर में रहकर ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।

उड़ीसा के पीड़ित की शिकायत पर शुरू हुई जांच

सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उड़ीसा निवासी भगवती मोहंती द्वारा साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान एनसीआरपी प्रतिबिंब पोर्टल और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की मदद से पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-4 में मिली।इसके बाद साइबर सेल ने छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जामताड़ा, देवघर और सरायकेला के रहने वाले हैं आरोपी

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान संजय कुमार सिंह, राहुल कुमार रवानी, सुनील कुमार झा और राहुल कुमार ठाकुर के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी जामताड़ा, देवघर और सरायकेला-खरसावां जिले के निवासी हैं।

दो वर्षों से चला रहे थे साइबर ठगी का नेटवर्क

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पिछले दो वर्षों से जमशेदपुर में किराए के मकान में रहकर मोबाइल ऐप और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।

उड़ीसा के व्यक्ति से 99 हजार की ठगी, कुल 30 लाख से अधिक का खुलासा

सिटी एसपी के अनुसार, आरोपियों ने उड़ीसा के पीड़ित से करीब 99 हजार रुपये की साइबर ठगी की थी। वहीं अब तक की जांच में 30 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के प्रमाण मिले हैं।पुलिस अब आरोपियों के डिजिटल उपकरणों, बैंक खातों और अन्य संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

जमशेदपुर पुलिस ने कार्रवाई को बताया बड़ी सफलता

पुलिस का कहना है कि जमशेदपुर से संचालित साइबर ठगी गिरोह का खुलासा एक बड़ी सफलता है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य राज्यों से जुड़े संभावित लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।

More From Author

जमशेदपुर: पोटका में ब्रेन मलेरिया का कहर, 4 दिन में एक ही परिवार की दो मासूम बहनों की मौत

जमशेदपुर: मरम्मत के दौरान ढहा मकान का हिस्सा, समय रहते मजदूरों के हटने से बड़ा हादसा टला