कोल्हान विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र नियमित करने की मांग, आजसू ने सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर: अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने कोल्हान विश्वविद्यालय के स्नातक अंतिम वर्ष (सत्र 2022-2026) के छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर राज्यपाल सह कुलाधिपति, कुलपति, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष और परीक्षा नियंत्रक को औपचारिक ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अक्टूबर 2026 से पहले सेमेस्टर-7 की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर परिणाम जारी करने और सेमेस्टर-8 की परीक्षा समय पर आयोजित करने की मांग की है।

एक वर्ष से अधिक की देरी से प्रभावित हो रहे छात्र

ज्ञापन में कहा गया है कि चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम का शैक्षणिक सत्र एक वर्ष से अधिक की देरी का शिकार हो चुका है। इससे छात्रों के उच्च शिक्षा में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। संगठन का आरोप है कि यह देरी छात्रों की नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रशासनिक और संस्थागत प्रक्रियाओं के कारण हुई है।

यूजीसी और एनईपी -2020 के निर्देशों का दिया हवाला

आजसू ने अपने ज्ञापन में झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम-2026, यूजीसी के दिशा-निर्देश, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राजभवन के निर्देशों का हवाला देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से शैक्षणिक सत्र को नियमित करने के लिए तत्काल विशेष कार्ययोजना लागू करने की मांग की है।संगठन ने कहा कि परीक्षा की गुणवत्ता और शैक्षणिक मानकों से समझौता किए बिना सेमेस्टर-7 की मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज किया जाए और सेमेस्टर-8 की परीक्षा निर्धारित समयसीमा के भीतर कराई जाए।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी

आजसू ने स्पष्ट किया है कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेगा। संगठन ने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए लंबित शैक्षणिक सत्र को नियमित करने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा।

More From Author

15 लाख का इनामी नक्सली मदन महतो पत्नी सहित गिरफ्तार, कुख्यात रवि सरदार भी हत्थे चढ़ा