जमशेदपुर के मोहरदा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) निर्माण स्थल का जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लाभुकों के लिए सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि लाभुकों को सुरक्षित और बेहतर आवास उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।उन्होंने निर्माण स्थल पर पेयजल, बिजली, सड़क, नाली और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि लाभुकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
ब्लॉक-8 और ब्लॉक-23 का निर्माण पूरा
अधिकारियों ने उपायुक्त को जानकारी दी कि ब्लॉक-8 और ब्लॉक-23 का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।इन दोनों ब्लॉकों में कुल 644 लाभुकों को शिफ्ट किया जाना है।
चरणबद्ध तरीके से होगी शिफ्टिंग
उपायुक्त ने लाभुकों की शिफ्टिंग प्रक्रिया को चरणबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया गया।
गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और लाभुकों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।
