आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का गुरुवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की, मतदाताओं से संवाद किया और अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
मतदाताओं से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मतदाताओं से सीधे बातचीत करते हुए एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है।
निर्वाचन आयोग की नियमित प्रक्रिया है एसआईआर
उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। इसके तहत वर्ष 2003 के बाद तैयार मतदाता सूची के आधार पर प्रत्येक मतदाता का एन्यूमरेशन किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची में दर्ज सभी जानकारियों का सत्यापन किया जा सके।उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें, समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करें तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं।
बीएलओ को दिए घर-घर पहुंचने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचें, लोगों की शंकाओं का समाधान करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करें।
एसडीओ ने बीएलओ के कार्यों की सराहना की
अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने एसआईआर अभियान में लगे बीएलओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित समय में बड़ी संख्या में मतदाताओं तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण कार्य है।उन्होंने बीएलओ को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा शेष मतदाताओं तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मतदाताओं से भी अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का समय पर सत्यापन कराने की अपील की।
अभियान की गति बढ़ाने पर प्रशासन का जोर
प्रशासन के अनुसार, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में एसआईआर अभियान की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने निरीक्षण के माध्यम से अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया है।अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए बीएलओ और आम नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
