जमशेदपुर के भूइंयाडीह हनुमान मंदिर में हल्की बारिश में भर रहा गंदा पानी, स्थानीय लोगो ने जुस्को पर लापरवाही का लगाया आरोप

जमशेदपुर। शहर के भूइंयाडीह ग्वाला बस्ती स्थित ब्राह्मण टोला के हनुमान मंदिर में हल्की बारिश के दौरान गंदा पानी भरने की समस्या से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने इस स्थिति के लिए जुस्को की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान ड्रेनेज चैंबर से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर आसपास फैल जाता है और इसका सबसे अधिक असर हनुमान मंदिर पर पड़ता है। कई बार मंदिर परिसर गंदे पानी से भर जाता है। स्थानीय युवाओं द्वारा किसी तरह पानी निकालने का प्रयास किया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।

एक करोड़ छह लाख की लागत से बिछाई गई थी ड्रेनेज लाइन

स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब चार से पांच वर्ष पहले लगभग एक करोड़ छह लाख रुपये की लागत से क्षेत्र में ड्रेनेज लाइन का काम कराया गया था। इस योजना के तहत पाइप लाइन को स्वर्णरेखा नदी के झरना घाट तक ले जाया गया था।हालांकि, क्षेत्रवासियों का आरोप है कि ड्रेनेज पाइप बिछाने में तकनीकी खामी रह गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पाइप लाइन जमीन के स्तर से करीब दो फीट नीचे बिछाई गई, जिसके कारण जल निकासी सही तरीके से नहीं हो पा रही है।उनका कहना है कि हल्की बारिश में भी ड्रेनेज चैंबर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क और आसपास के इलाके में फैलने लगता है।

गंदे पानी से भर जाता है हनुमान मंदिर

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव की इस समस्या का सबसे ज्यादा असर ब्राह्मण टोला स्थित हनुमान मंदिर पर पड़ रहा है। बारिश के बाद गंदा पानी मंदिर परिसर में प्रवेश कर जाता है।क्षेत्र के युवाओं द्वारा पानी निकालकर मंदिर की सफाई की जाती है, लेकिन बार-बार गंदा पानी भरने से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने इसे धार्मिक स्थल की स्वच्छता और व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

विधायक और जुस्को को दी गई जानकारी, समाधान नहीं होने का आरोप

क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी स्थानीय विधायक और जुस्को के संबंधित अधिकारियों को भी दी गई है। लोगों के अनुसार, अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन अब तक जलजमाव की समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वर्षों से समस्या बने रहने के बावजूद जिम्मेदार विभाग इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।

हिंदू संगठनों के समर्थन से आंदोलन की चेतावनी

लगातार हो रही समस्या से नाराज स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त कर हनुमान मंदिर में गंदा पानी प्रवेश करने की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे हिंदू संगठनों का समर्थन लेकर आंदोलन करेंगे।लोगों ने जुस्को और संबंधित प्रशासनिक विभाग से ड्रेनेज लाइन की तकनीकी जांच कराते हुए जल्द से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है।

More From Author

खबर का असर: झारखंड में खुले में मीट-मछली बिक्री पर सख्ती, झारखंड मंत्री परिषद ने म्युनिसिपल रेगुलेशन-2026 को दी मंजूरी

जमशेदपुर में 13 सितंबर को ‘साझी शहादत-साझी विरासत’ सेमिनार, कई दिग्गज नेता होंगे शामिल