जमशेदपुर के बागुनहातु में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, पत्नी पर चाकू से हमला, सास भी घायल

जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागुनहातु में शनिवार को घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया।बीच-बचाव करने पहुंची महिला की मां भी इस घटना में घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

चाकू से हमला कर पत्नी को किया घायल

मिली जानकारी के अनुसार बागुनहातु निवासी रवि सिंह और उसकी पत्नी रेशमा सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया।आरोप है कि गुस्से में रवि सिंह ने घर में रखा चाकू उठाकर पत्नी रेशमा सिंह पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रेशमा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

बेटी को बचाने पहुंचीं मां भी हुईं घायल

पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां सुनीता कालिंदी मौके पर पहुंचीं और बेटी को बचाने का प्रयास करने लगीं।इस दौरान आरोपी ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की, जिससे वह भी घायल हो गईं।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा।अस्पताल में पुलिस ने घायलों से पूछताछ भी की।

घटना के बाद आरोपी फरार

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रवि सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पहले भी हो चुका है विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और पहले भी मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

More From Author

एमजीएम अस्पताल में टॉयलेट सुविधा बदहाल, पानी नहीं होने से मरीज और परिजन परेशान

जमशेदपुर में जिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित, 30 मई तक प्रखंड अध्यक्ष गठन का निर्देश