सावन की पहली सोमवारी पर सूर्यधाम शिवालय में उमड़ा आस्था का सैलाब, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया जलाभिषेक

जमशेदपुर: पवित्र श्रावण मास की पहली सोमवारी पर सिदगोड़ा स्थित सूर्यधाम शिवालय में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सोमवार तड़के से ही हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए मंदिर परिसर पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया जलाभिषेक

इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी सूर्यधाम शिवालय पहुंचे। उन्होंने भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीराम दरबार एवं भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। पूजा के बाद उन्होंने जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

भक्तिमय माहौल में गूंजता रहा मंदिर परिसर

श्रावण सोमवार के अवसर पर मंदिर परिसर पूरे दिन ‘बम-बम भोले’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए विशेष इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सूर्य मंदिर समिति ने व्यापक व्यवस्था की थी। समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में सभी पदाधिकारी और स्वयंसेवक पूरे दिन श्रद्धालुओं की सेवा एवं व्यवस्था में जुटे रहे। कतार प्रबंधन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

More From Author

जमशेदपुर में आजसू पार्टी का भव्य मिलन समारोह, सैकड़ों युवाओं ने ग्रहण की सदस्यता

आदित्यपुर में दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू: ‘काल्पनिक हवेली’ थीम पर बनेगा 70 फीट ऊंचा भव्य पंडाल, भूमि पूजन संपन्न