जमशेदपुर। देशभर के साथ जमशेदपुर में भी 80वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।कार्यक्रम में पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।


स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
इस अवसर पर रघुवर दास ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अनगिनत लोगों ने अपना बलिदान दिया है। उन्हीं महापुरुषों के संघर्ष और त्याग के कारण आज देशवासी आजादी की जिंदगी जी रहे हैं।उन्होंने युवाओं और बच्चों से स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद रखने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का आह्वान किया।
विकसित भारत के संकल्प के साथ मनाएंगे 100वीं वर्षगांठ
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को अभी से ऐसा संकल्प लेना चाहिए कि जब भारत अपनी 100वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ मनाए, तब देश एक विकसित राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने खड़ा हो।उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
झारखंड समेत देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
रघुवर दास ने इस अवसर पर झारखंडवासियों समेत पूरे देश के नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सभी से मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण सूर्य मंदिर परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
