जमशेदपुर में ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा से मारपीट, टीएमएच में भर्ती

Views: 12

जमशेदपुर: बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में चल रहे ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान मंगलवार देर रात घाटशिला के पूर्व विधायक और आजसू के संस्थापक सदस्यों में शामिल सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ महिलाओं ने उनके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

छेड़खानी के आरोप की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। प्रारंभिक तौर पर चर्चा है कि कुछ महिलाओं ने सूर्य सिंह बेसरा पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की। हालांकि, इस आरोप की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। समाचार लिखे जाने तक आरोप लगाने वाली महिलाओं का विस्तृत पक्ष भी सामने नहीं आया था। ऐसे में छेड़खानी संबंधी दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में हुए घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक सूर्य सिंह बेसरा का पक्ष और पुलिस की ओर से घटना का आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया था।मारपीट की वास्तविक वजह, विवाद की शुरुआत कैसे हुई और महिलाओं की ओर से लगाए गए कथित आरोपों की सच्चाई पुलिस जांच तथा संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

More From Author

जमशेदपुर में स्कूली बच्चों से भरे ऑटो में लगी भीषण आग, साउथ पार्क गोलचक्कर के पास मची अफरा-तफरी

आदित्यपुर: ओमनी ऑटो लिमिटेड में मजदूरों का हंगामा, नौ सूत्री मांगों को लेकर मुख्य गेट जाम