जमशेदपुर। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 1 सितंबर की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल परिवार का हालचाल जानने शुक्रवार को घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य व इलाज की जानकारी ली।
नशे में कार चालक ने चार लोगों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर की रात करीब 9 बजे नदी पुल के पास एक कार ने एक ही परिवार के चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।हादसे में परिवार की महिला पुल से नदी में जा गिरी, जबकि उसके पति और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को करीब एक किलोमीटर आगे नदी से सुरक्षित बाहर निकाला।
महिला के घुटने में गंभीर चोट, शरीर पर भी कई जख्म
हादसे में महिला के घुटने में फ्रैक्चर हुआ है। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद महिला, उसके पति और दोनों बच्चों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान 6 साल की बच्ची की मौत
इलाज के दौरान परिवार की 6 वर्षीय बच्ची श्रेया कृष्णा सिन्हा की मौत हो गई। बच्ची के शव को अस्पताल के शीतगृह में रखा गया है।वहीं, बच्ची के माता-पिता और भाई का इलाज अभी भी टीएमएच में चल रहा है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
विधायक ने डॉक्टरों से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा
टीएमएच पहुंचे विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने चिकित्सकों से घायलों के बेहतर इलाज और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर बच्ची की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की।विधायक ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
ये लोग रहे मौजूद
विधायक के साथ पूर्व जिला प्रवक्ता गुरमीत सिंह गिल, सोनाराम सोरेन, विक्रम बेसरा, मंगल सोरेन, राहुल अग्रवाल, मनिंदर सिंह और संदीप शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
