घाटशिला: माझी पारगाना माहाल द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, 100 मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

घाटशिला: घाटशिला के पावड़ा स्थित माझी पारगाना माहाल भवन में बुधवार को माझी पारगाना माहाल, धाड़ दिशोम द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया।इस कार्यक्रम में जिले के प्री-मैट्रिक कोचिंग सेंटरों के वर्ष 2025-26 के श्रेष्ठ 100 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

874 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, 589 प्रथम श्रेणी में सफल

जानकारी के अनुसार इस वर्ष वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में इन कोचिंग सेंटरों से कुल 874 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।इनमें से 589 छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी, 260 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी और 4 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए।यह उपलब्धि गरीब और वंचित आदिवासी बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में माझी पारगाना माहाल के लगातार प्रयासों को दर्शाती है।

तीन वर्षों से चल रही निःशुल्क कोचिंग पहल

माझी पारगाना माहाल धाड़ दिशोम पिछले तीन वर्षों से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क प्री-मैट्रिक कोचिंग संचालित कर रहा है।इस पहल का उद्देश्य बच्चों को केवल अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान पर जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिरेन जेवियर टोपनो ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ समाज से जुड़कर समाज हित में कार्य करना भी जरूरी है।उन्होंने विद्यार्थियों से केवल किताबों तक सीमित न रहकर व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करने की अपील की।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता बैजु मुर्मू, परगाना बाबा धाड़ दिशोम ने की।कार्यक्रम का संचालन दीपक मुर्मू ने किया, जबकि उद्देश्य पर प्रकाश सुनील मुर्मू ने डाला।इस अवसर पर देश परानिक दुर्गा चरण मुर्मू, हरिपद मुर्मू, लेदेम किस्कू, पुनता मुर्मू, लखन मार्डी, पावड़ा पंचायत की मुखिया पार्वती मुर्मू, टाटा स्टील फाउंडेशन के जयराम हांसदा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।समारोह में क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक एवं ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

More From Author

जमशेदपुर में शुरू हुई बैटरी चालित कूड़ा वाहन सेवा, विधायक सरयू राय ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर: सिदगोड़ा में खुलेआम शराब पीने वालों पर एएसपी ऋषभ चतुर्वेदी का ‘प्रहार’; 3 लोगो से वसूला ₹5000 का जुर्माना