केनरा बैंक की मानगो शाखा से ₹1.10 करोड़ का गोल्ड लोन सोना कथित रूप से गायब, एफआईआर दर्ज

जमशेदपुर के मानगो स्थित जाकिर नगर में संचालित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा में गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखे गए करीब ₹1.10 करोड़ मूल्य के सोने के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आया है। मामले के उजागर होने के बाद बैंकिंग महकमे में हड़कंप मच गया है। बैंक के रीजनल मैनेजर की शिकायत पर आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

नियमित ऑडिट के दौरान सामने आया मामला

जानकारी के अनुसार, शाखा में नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन से संबंधित अभिलेखों का लॉकर में सुरक्षित रखे गए सोने से मिलान किया गया। इस प्रक्रिया में कई पैकेट गायब पाए जाने के बाद बैंक प्रबंधन ने तत्काल आंतरिक जांच शुरू की और पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि यह कथित गड़बड़ी 12 जून से 18 जून के बीच हुई।

कई बैंक अधिकारी एफआईआर में नामजद

दर्ज प्राथमिकी में तत्कालीन शाखा के पूर्व सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो समेत दो अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है।बताया गया है कि वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी संबंधित शाखा में कार्यरत नहीं है।

पुलिस और बैंक प्रबंधन दोनों कर रहे जांच

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि करोड़ों रुपये मूल्य का सोना किन परिस्थितियों में लॉकर से कथित रूप से गायब हुआ, इस मामले में किसकी क्या भूमिका रही और क्या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी।वहीं, बैंक प्रबंधन भी अपने स्तर पर पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच कर रहा है।

जांच के बाद ही होगी स्थिति स्पष्ट

फिलहाल पुलिस सभी दस्तावेजों, लॉकर संचालन की प्रक्रिया, संबंधित अधिकारियों की भूमिका और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

More From Author

पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, साकची में प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन

ड्रग पेडलर निजाम की हत्या की तैयारी में जुटे तड़ीपार भाकुड़ को 10 साथियों के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार