पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, साकची में प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने जमशेदपुर के साकची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया, जबकि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा

सभा को संबोधित करते हुए राजेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर नीट जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से छात्रों में असंतोष बढ़ रहा है।उन्होंने इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

विपक्ष के प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

राजेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में किए गए विपक्ष के शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दौरान पुलिस का रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं रहा। उन्होंने इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग दोहराई।

“छात्रों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़”

जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षाएं देते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस छात्रों के हित में अपना आंदोलन और तेज करेगी।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग

जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने शिक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की। वहीं प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने छात्रों और अभिभावकों से शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।

नारेबाजी के साथ दर्ज कराया विरोध

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार मंत्रियों के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

More From Author

रांची में झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण

केनरा बैंक की मानगो शाखा से ₹1.10 करोड़ का गोल्ड लोन सोना कथित रूप से गायब, एफआईआर दर्ज