जमशेदपुर में रोटरी क्लब ऑफ वेस्ट का भव्य इंस्टॉलेशन समारोह, गुरप्रीत कौर भाटिया बनीं नई अध्यक्ष

जमशेदपुर : रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए प्रतिष्ठित इंस्टॉलेशन समारोह का आयोजन शुक्रवार शाम होटल रामाडा में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शहर के गणमान्य रोटेरियन्स, विशिष्ट अतिथियों, क्लब सदस्यों एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोगों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम की शुरुआत सुरक्षा घोषणा, औपचारिक सभा आह्वान एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन अशोक झा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और स्वास्थ्य, शिक्षा, सामुदायिक विकास तथा मानवीय सेवा के क्षेत्र में क्लब द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी।

नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, गुरप्रीत कौर भाटिया ने संभाली अध्यक्ष की जिम्मेदारी

समारोह का मुख्य आकर्षण नव निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन गुरप्रीत कौर भाटिया, सचिव रोटेरियन ऋषि चंद्रानी एवं वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और निदेशकों का शपथ ग्रहण समारोह रहा। वरिष्ठ रोटेरियन राजीव तलवार ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष अशोक झा एवं सचिव नमन अग्रवाल ने पारंपरिक कॉलर्स सौंपकर नए नेतृत्व को औपचारिक रूप से जिम्मेदारी हस्तांतरित की। वहीं, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश तनेजा ने नई कार्यकारिणी को लैपल पिन पहनाकर सम्मानित किया।

निवर्तमान पदाधिकारियों का सम्मान, एस. के. बेहेरा बने मानद रोटेरियन

क्लब की ओर से निवर्तमान अध्यक्ष अशोक झा और सचिव नमन अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व एवं सेवा कार्यों के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।समारोह का एक विशेष आकर्षण एस. के. बेहेरा को समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद रोटेरियन के रूप में शामिल किया जाना रहा। वहीं, विनय खन्ना का भी रोटरी परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें क्लब की सदस्यता प्रदान की गई।

नई अध्यक्ष ने रखी वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना

औपचारिक परिचय के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष गुरप्रीत कौर भाटिया ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सदस्यता विस्तार, युवा सहभागिता, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रभावी सामुदायिक सेवा परियोजनाओं को आगामी वर्ष की प्राथमिकता बताया। उन्होंने समाजहित में और अधिक प्रभावी सेवा कार्यों के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

क्लब स्मारिका का विमोचन, ‘Service Above Self’ का दिया संदेश

समारोह के दौरान क्लब की वार्षिक स्मारिका का विमोचन भी किया गया। स्मारिका का प्रस्तुतीकरण रोटेरियन अमितावा बक्शी ने किया, जबकि विमोचन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट मुकेश तनेजा ने किया।मुख्य अतिथि मुकेश तनेजा ने अपने संबोधन में क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों से रोटरी के आदर्श वाक्य “Service Above Self” की भावना के साथ समाज में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

धन्यवाद ज्ञापन और फेलोशिप के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन रोटेरियन दीप्ति सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके बाद सदस्यों एवं अतिथियों के लिए फेलोशिप, रात्रिभोज एवं आपसी संवाद का आयोजन किया गया। पूरे समारोह का प्रभावी संचालन रोटेरियन अंजनी निधि ने किया।रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट का यह आयोजन सेवा, मित्रता, नेतृत्व और सामाजिक प्रतिबद्धता की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।

More From Author

झारखंड: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का बड़ा कदम; वीआईपी कल्चर छोड़ लौटाई अतिरिक्त सुरक्षा और गाड़ियां, सादगी की हो रही तारीफ

धनबाद के निरसा विधायक अरूप चटर्जी को गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी की धमकी, पुलिस जांच में जुटी