जमशेदपुर। ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को जमशेदपुर शहर में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। गांधी मैदान से शुरू हुआ जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आमबागान की ओर बढ़ा।जुलूस में मुस्लिम समुदाय के बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की आमद की खुशी में धार्मिक नारे लगाए। पूरे जुलूस मार्ग में “सरकार की आमद मरहबा” और “नारे-ए-तकबीर” के नारों से माहौल गूंजता रहा।


उलेमा-ए-किराम और समाज के वरिष्ठ लोगों ने की जुलूस की अगुवाई
ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूस की अगुवाई उलेमा-ए-किराम और समाज के वरिष्ठ लोगों ने की। उनके पीछे हजारों की संख्या में श्रद्धालु पैदल चलते नजर आए।धार्मिक आयोजन में बाइक, चारपहिया वाहनों और ट्रकों पर सवार लोग भी शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोगों में विशेष उत्साह और धार्मिक आस्था देखने को मिली।
पैगंबर-ए-इस्लाम के बताए मार्ग पर चलने का दिया संदेश
जुलूस में शामिल लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने मानवता की सेवा करने, समाज में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।आयोजन के माध्यम से लोगों तक अमन, एकता और इंसानियत का संदेश पहुंचाया गया।
कई स्थानों पर जुलूस का हुआ स्वागत
जुलूस मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। लोगों के लिए पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं। शहर के विभिन्न इलाकों में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, पुलिस और प्रशासन रहे तैनात
ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जुलूस के पूरे मार्ग पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।धार्मिक उल्लास और भाईचारे के माहौल में निकला यह जुलूस शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
