Views: 1
जमशेदपुर: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में टाटा मोटर्स के वीपी (कमर्शियल व्हीकल ऑपरेशंस) विशाल बादशाह और प्लांट हेड अनुराग छारिया का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर यूनियन पदाधिकारियों ने अतिथियों का सम्मान करते हुए कंपनी और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।कार्यक्रम में एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। यूनियन अध्यक्ष और महामंत्री ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
वीपी विशाल बादशाह का आगमन यूनियन के लिए यादगार क्षण: आरके सिंह
स्वागत भाषण देते हुए महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि वीपी विशाल बादशाह का यूनियन कार्यालय में आगमन सभी के लिए सुखद और यादगार क्षण है। उन्होंने पूरी यूनियन की ओर से उनका हार्दिक स्वागत किया। साथ ही कहा कि उनके द्वारा दिए गए सुझावों और मार्गदर्शन पर अमल करने के लिए यूनियन सदैव तत्पर रहेगी।
उत्पादन बढ़ा, सुरक्षा और गुणवत्ता पर दें विशेष ध्यान: विशाल बादशाह
अपने संबोधन में वीपी विशाल बादशाह ने कहा कि कंपनी के उत्पादन में वृद्धि हुई है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से कार्यस्थल पर सुरक्षा (सेफ्टी) और गुणवत्ता (क्वालिटी) को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।उन्होंने क्रेटोस गाड़ियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कंपनी के इकोसिस्टम को और अधिक मजबूत एवं बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी और समाज के हित में होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सभी की सहभागिता बढ़नी चाहिए।
अनुराग छारिया ने दी दीपावली की शुभकामनाएं
इस अवसर पर प्लांट हेड अनुराग छारिया ने उपस्थित सभी लोगों को दीपावली सहित आने वाले पर्व-त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का संचालन अशोक उपाध्याय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने प्रस्तुत किया।
जेएन टाटा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
स्वागत समारोह से पूर्व वीपी विशाल बादशाह और प्लांट हेड अनुराग छारिया ने यूनियन परिसर में स्थापित जेएन टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद आयोजित स्वागत कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारियों और अतिथियों ने आपसी संवाद के माध्यम से कंपनी की प्रगति, कर्मचारियों की भूमिका और औद्योगिक संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
