Views: 0
जमशेदपुर:सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को पोटका थाना अंतर्गत रानी कुंदर, शंकरदा और लोवाडीह गांवों में नदी किनारे अवैध शराब के अड्डों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। यह कार्रवाई निरीक्षक उत्पाद, घाटशिला क्षेत्र के पर्यवेक्षण में अंजाम दी गई।
8000 किलोग्राम जावा महुआ और 150 लीटर अवैध शराब जब्त
उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े संचालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। इसके बाद टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाते हुए अवैध शराब के खिलाफ निम्नलिखित कार्रवाई की।क्षेत्र में संचालित अवैध शराब की कई भट्टियों को मौके पर ही पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। शराब बनाने के लिए छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में 8,000 किलोग्राम जावा महुआ को घटनास्थल पर ही पूरी तरह विनष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही छापेमारी के दौरान 150 लीटर अवैध चुलाई शराब भी बरामद कर जब्त की गई।
फरार संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त सभी चिन्हित संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण इलाकों में अवैध मदिरा के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले में इस तरह के छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
