जमशेदपुर के टेल्को स्थित गुलमोहर हाई स्कूल ने विद्यालय शिक्षा को नई दिशा देते हुए ‘Gulmohur Startup Studio – Entrepreneurship & Innovation Programme 2026’ का शुभारंभ किया है। यह झारखंड की अपनी तरह की पहली विद्यालय-आधारित पहल है, जिसमें विद्यार्थियों को केवल उद्यमिता का सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि वास्तविक स्टार्टअप स्थापित करने और उसे संचालित करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाएगा।
प्राचार्या प्रीति सिन्हा की पहल
इस अभिनव कार्यक्रम की परिकल्पना और नेतृत्व विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रीति सिन्हा ने किया है। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलती वैश्विक जरूरतों के अनुरूप तैयार करना और उनमें नवाचार एवं उद्यमशीलता की सोच विकसित करना है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप तैयार किया गया कार्यक्रम
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति – 2020 की भावना के अनुरूप तैयार किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में उद्यमशील सोच, नवाचार, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, वित्तीय साक्षरता, डिज़ाइन थिंकिंग, समस्या-समाधान और निर्णय लेने की क्षमता विकसित की जाएगी।
रोजगार पाने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनेंगे विद्यार्थी
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है। इसके तहत छात्रों को वास्तविक व्यावसायिक परियोजनाओं पर कार्य करने, स्टार्टअप मॉडल विकसित करने और नवाचार आधारित समाधान तैयार करने का अवसर मिलेगा।विद्यालय का मानना है कि यह पहल विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के साथ-साथ झारखंड में स्कूल स्तर पर उद्यमिता शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत साबित होगी।
