गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में पुलिस ने अवैध गांजा की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों किलो गांजा के पौधों को जब्त कर नष्ट कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान कथित गांजा कारोबारी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
300 वर्गमीटर क्षेत्र में हो रही थी गांजा की खेती
मामला गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र अंतर्गत बुल्का गांव के गजनिया टोला का है। पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि गांव निवासी संजय यादव अपने अर्धनिर्मित मकान के परिसर में अवैध रूप से गांजा की खेती कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अंचलाधिकारी विकास पांडेय की निगरानी में रमना थाना पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
1800 गांजा के पौधे जब्त, मौके पर ही नष्ट
छापेमारी के दौरान लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गांजा की खेती होती मिली। पुलिस ने मौके से 1800 गांजा के पौधे उखाड़कर जब्त किए, जिनका कुल वजन 118 किलोग्राम पाया गया। विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूरी फसल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो सके।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में सनहा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
