जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में पारिवारिक संपत्ति विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बड़े भाई ने छोटे भाई की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर 8 कट्ठा जमीन पर बने घर पर बुलडोजर चलवा दिया और जमीन पर कब्जा कर लिया। पीड़ित अब न्याय की मांग को लेकर एसपी ऑफिस का चक्कर लगा रहा है।
ओल्ड पुरुलिया रोड कुली रोड का है मामला
पीड़ित मोहम्मद इरशाद ने बताया कि वह आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड कुली रोड का रहने वाला है। उसका मकान 8 कट्ठा जमीन पर बना हुआ था, जो उसके पिता के नाम पर दर्ज है। इरशाद के अनुसार बड़े भाई मोहम्मद फिरोज के साथ लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
माता-पिता की मौत के बाद बढ़ा विवाद
मोहम्मद इरशाद ने बताया कि माता-पिता की मृत्यु के बाद पारिवारिक विवाद और बढ़ गया। वर्ष 2025 में वह रोजगार के सिलसिले में मुंबई चला गया था। इसी दौरान घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर उसके बड़े भाई ने घर पर बुलडोजर चलवा दिया।
जमशेदपुर लौटने पर टूटा मिला घर
घटना की जानकारी मिलने के बाद इरशाद मुंबई से जमशेदपुर पहुंचा। यहां आकर उसने देखा कि उसका घर पूरी तरह तोड़कर जमीन समतल कर दी गई है और वहां मजदूर काम कर रहे हैं। जब उसने बड़े भाई से इस संबंध में पूछा तो कथित तौर पर जवाब मिला कि अब यह जमीन उसकी है और उसे वहां से चले जाना चाहिए।
जमीन के कागजात और जेवर कब्जे में लेने का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि घर में जमीन से जुड़े जरूरी कागजात, मां के जेवर और कई कीमती सामान रखे हुए थे, जिन्हें उसके बड़े भाई ने अपने कब्जे में कर लिया है। अब उसके पास रहने के लिए कोई घर नहीं बचा है।
एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
मोहम्मद इरशाद ने पूरे मामले में प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। वह एसपी ऑफिस पहुंचकर अपनी जमीन, घर और सामान वापस दिलाने की गुहार लगा रहा है।
