जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित संत रॉबर्ट स्कूल के समीप एक घर में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कथित रूप से गुलगुलिया गैंग से जुड़ी दो महिलाएं एक मासूम बच्ची को साथ लेकर घर में घुसीं और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
एक महिला ने की निगरानी, दूसरी ने अलमारी से निकाले पैसे
पीड़ित मकान मालिक अमन कुमार के अनुसार, घटना के समय परिवार के सदस्य घर के दूसरे कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों महिलाएं बच्ची के साथ घर में दाखिल हुईं ताकि किसी को उन पर संदेह न हो।बताया गया कि एक महिला बाहर निगरानी करती रही, जबकि दूसरी घर के अंदर जाकर अलमारी खोलकर उसमें रखे 500 रुपये निकालकर भागने लगी।
स्थानीय लोगों ने पीछा कर दोनों महिलाओं को पकड़ा
परिजनों को आहट मिलने पर वे कमरे में पहुंचे और शोर मचाया। इसके बाद अमन कुमार और स्थानीय लोगों ने पीछा कर दोनों महिलाओं को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कथित रूप से चोरी किए गए 500 रुपये भी उनके पास से बरामद किए गए।
पुलिस के नहीं पहुंचने पर लोगों ने छोड़ दिया
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब 45 मिनट तक पुलिस वाहन का इंतजार किया गया, लेकिन कोई पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची।लोगों का कहना है कि अधिक देर तक महिलाओं को रोके रखना उचित नहीं समझते हुए और किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस की कार्यशैली पर स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि पहले भी कई बार आपातकालीन सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची।लोगों ने परसुडीह थाना पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
