जमशेदपुर : दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक ने बुधवार को जमशेदपुर स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में कोल्हान प्रमंडल की कानून-व्यवस्था और पुलिसिया कामकाज की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कोल्हान के तीनों जिलों—पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां—के कप्तान और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
तकनीकी प्रणालियों और डेटा मैनेजमेंट पर जोर
बैठक के दौरान पुलिसिंग को आधुनिक बनाने और डेटा के सही प्रबंधन पर विशेष चर्चा हुई। एडीजी ने निम्नलिखित तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की।अपराध और अपराधियों के राष्ट्रीय डेटाबेस और इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम की अद्यतन स्थिति, सूचना प्रौद्योगिकी और सुरक्षा से जुड़ी आईटीएसएसओ परियोजना की प्रगति, आपातकालीन रिस्पांस सेवा के संचालन में आ रही तकनीकी समस्याओं का समाधान पर चर्चा हुई।
समीक्षा बैठक के मुख्य बिंदु पर हुई चर्चा
वर्षों से लंबित कांडों और विशेष जांच दल के पास अटके मामलों का त्वरित निपटारा करने का सख्त निर्देश दिया गया। क्षेत्र की शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने की रणनीति पर चर्चा हुई।जमशेदपुर और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।विशेष इकाई के कार्यों की प्रगति की भी जांच की गई।
“संवेदनशील और तत्पर बने पुलिसिंग” — एडीजी
अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिसिंग को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखकर इसे ‘जनोन्मुखी’ बनाया जाए। उन्होंने जोर दिया कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस को अधिक संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में कोल्हान के डीआईजी, पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी, सरायकेला-खरसावां के एसपी, और पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के एसपी सहित कई अन्य राजपत्रित अधिकारी शामिल थे।
