जमशेदपुर: बारीडीह मछली मार्केट में दुकानदारों से रंगदारी मांगने का आरोप, विरोध करने पर मारपीट और लूटपाट; एक युवक हिरासत में

जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारिडीह मछली मार्केट रोड में रविवार रात कथित तौर पर नशे के आदी युवकों द्वारा दुकानदारों से रंगदारी मांगने, मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में ले लिया।

चाकू के बल पर मांगे पैसे और सामान

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, कुछ युवक बाजार में पहुंचकर दुकानों से चाकू और चापड़ दिखाकर रंगदारी के रूप में नकदी और सामान की मांग कर रहे थे। आरोप है कि कुछ दुकानदारों ने डर के कारण पैसे और सामान दे दिए, जबकि विरोध करने वाले दुकानदारों की दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट की गई।दुकानदारों का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला करने की कोशिश की, हालांकि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों में दहशत

बाजार के व्यापारियों का कहना है कि संबंधित युवक अक्सर नशे की हालत में बाजार पहुंचते हैं और दुकानदारों से पैसे या सामान मांगते हैं। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर वे तोड़फोड़, गाली-गलौज और छीनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने एक युवक को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आती है तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

More From Author

जमशेदपुर: बिरसानगर के हुरलूँग में उत्पाद विभाग की बड़ी रेड; शराब भट्ठी ध्वस्त, 6 हजार किलो जावा-महुआ नष्ट, संचालक फरार

जमशेदपुर हिमांशु हत्याकांड: डीडी बार के मालिक व भाजपा नेता नीरज सिंह और बार मैनेजर गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर लाया जा रहा है जमशेदपुर

Recent News