जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के पुराना जेल चौक के पास गुरुवार को जिला प्रशासन और जुस्को की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का स्थानीय दुकानदारों ने विरोध किया। कार्रवाई से नाराज दुकानदार मौके पर एकजुट हो गए और उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया।
30-40 साल से दुकान चलाने का दुकानदारों का दावा
दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले 30 से 40 वर्षों से इसी स्थान पर दुकान लगाकर अपना और परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। अचानक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।दुकानदारों के मुताबिक, उनकी दुकानें ही परिवार की आय का मुख्य जरिया हैं। ऐसे में दुकान हटने से परिवार चलाना मुश्किल हो जाएगा।
कार्रवाई से पहले समय और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की कि अतिक्रमण हटाने से पहले उन्हें उचित समय दिया जाए। साथ ही, वर्षों से कारोबार कर रहे दुकानदारों के रोजगार को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक स्थान या पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।उनका कहना है कि लंबे समय से यहां कारोबार कर रहे लोगों को अचानक हटाने के बजाय प्रशासन को उनके सामने आने वाली समस्याओं पर भी विचार करना चाहिए।
मौके पर काफी देर तक बनी रही विरोध की स्थिति
अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदारों और प्रशासन के बीच मौके पर काफी देर तक विरोध की स्थिति बनी रही। दुकानदारों ने कहा कि वे अपने रोजगार और वर्षों पुराने कारोबार को बचाने के लिए आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे।
