Views: 4
जमशेदपुर:मानगो क्षेत्र में सुचारू जलापूर्ति व्यवस्था बनाए रखने और नदियों को प्रदूषण मुक्त करने के उद्देश्य से गुरुवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और डिप्टी मेयर राहुल कश्यप की मौजूदगी में मानगो जलापूर्ति योजना के इंटकवेल के पास स्वर्णरेखा नदी के तटीय क्षेत्र में व्यापक सफाई की गई।इस अभियान में स्थानीय युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और नदी में जमे कचरे, प्लास्टिक व जलकुंभी को बाहर निकाला।
इंटकवेल में कचरा फंसने से ठप्प होती थी जलापूर्ति
अभियान के दौरान मेयर और डिप्टी मेयर ने बताया कि स्वर्णरेखा नदी में बहकर आने वाला कचरा कई बार जलापूर्ति के लिए बने मुख्य इंटकवेल के पंपों में फंस जाता है। इंटकवेल में कचरा फंसने के कारण अक्सर मानगो के विभिन्न इलाकों में जलापूर्ति ठप्प हो जाती थी, जिससे हजारों निवासियों को पानी के संकट का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इंटकवेल के आसपास और नदी के किनारे विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे को पूरी तरह हटाया गया।
स्थानीय निवासियों से नदी में कचरा न फेंकने की अपील
सफाई अभियान के उपरांत जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय नागरिकों और आसपास के दुकानदारों से संवाद कर नदी की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग मांगा। मेयर सुधा गुप्ता ने अपील की कि नदियों में कचरा, प्लास्टिक और पूजा सामग्री न फेंकें, ताकि हमारे प्राथमिक जलस्रोत स्वच्छ और सुरक्षित रह सकें।डिप्टी मेयर राहुल कश्यप ने कहा कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ जब तक आम नागरिक अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेंगे, तब तक जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखना चुनौतीपूर्ण रहेगा। स्थानीय युवाओं की इस भागीदारी की सराहना की गई।
